पाटन (पलामू): शहीद कॉमरेड जगदेव प्रसाद शर्मा का 26वां शहादत दिवस मनाया गया

पाटन (पलामू): शहीद कॉमरेड जगदेव प्रसाद शर्मा का 26वां शहादत दिवस मनाया गया

आज भाकपा (माले) ब्रांच कमेटी, गहर पथरा द्वारा सचिव बलराम राम के नेतृत्व में क्रांतिकारी नेता, गरीबों की आवाज़ शहीद कॉमरेड जगदेव प्रसाद शर्मा का 26वां शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में एक मिनट का मौन रखकर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर भाकपा (माले) पाटन प्रखंड सचिव पवन विश्वकर्मा ने कहा कि कॉमरेड जगदेव प्रसाद शर्मा ने लाल झंडे के नेतृत्व में गरीब, मजदूर, शोषित और वंचित समाज को हक-अधिकार दिलाने की लड़ाई को आगे बढ़ाया। उन्होंने पलामू में जमींदारी प्रथा, शोषण, दमन, छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ सड़कों पर लगातार आवाज़ बुलंद की। सामंती ताकतें उनकी लड़ाई से बौखलाई हुई थीं। गरीबों के हक के लिए लड़ते हुए उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना शहादत दे दी।

कॉमरेड जगदेव शर्मा के अधूरे सपनों को साकार करने के लिए आज उनके बताए मार्ग और विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

उन्होंने आगे कहा कि आज फिर से पलामू में नए जमींदार पनप रहे हैं। दबंगों द्वारा दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और आम गरीबों की जमीन लूटी जा रही है। आम आदमी न्याय के लिए कोर्ट-कचहरी और प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर है। अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं आते, उनकी जवाबदेही तय करने वाला कोई नहीं है। हक की बात करने वालों पर फर्जी मुकदमे लादकर डराया-धमकाया जा रहा है।

पलामू में जमीन विवाद समेत अन्य मामलों में लगातार हत्याएं हो रही हैं। थानों में बिना चढ़ावे के आम आदमी का कोई काम नहीं होता। पुलिस-प्रशासन दबंगों के सामने मूकदर्शक बना हुआ है। ऐसे में लाल झंडे को मजबूत कर जनता के हक-अधिकार की लड़ाई को और तेज करने की जरूरत है।

शहादत दिवस के मौके पर पार्टी सदस्य विकास कुमार रवि, उमेश कुमार रवि, सुखी सिंह, बिगन राम, तपेश्वर राम, सरस्वती देवी, लाखो देवी, आकाश कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।