देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में झारखंड का योगदान, सीताराम सिंकू ने बढ़ाया राज्य का मान

देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिल चुकी है। शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका शुभारंभ किया। वैसे तो यह पूरा प्रोजेक्ट ही खास है पर झारखंड के लिए भी यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट रहा है।
इसकी वजह यह है कि इसे कल्पना से धरातल तक पहुंचाने वाली टीम में झारखंड की भी भागीदारी है। इस प्रोजेक्ट में झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव प्रखंड के खैरपाल गड़ासाई निवासी सीताराम सिंकू की अहम भूमिका रही है।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे कोल्हान और झारखंड का गौरव बढ़ा है। वर्तमान में वे रेलवे बोर्ड की प्रोडक्शन यूनिट में अपर सदस्य के पद पर कार्यरत हैं। इस जिम्मेदारी के साथ वे रेलवे के आधुनिकीकरण और ग्रीन टेक्नोलॉजी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का नेतृत्व कर रहे हैं।