छतरपुर में दुर्गा पूजा को लेकर समन्वय बैठक, नगर अध्यक्ष ने साफ-सफाई और रोशनी के दिए निर्देश

दशहरा पर्व को लेकर नगर पंचायत में पूजा समितियों की समन्वय बैठक, नगर अध्यक्ष ने दिए साफ-सफाई और रोशनी के निर्देश

छतरपुर: दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नगर पंचायत छतरपुर कार्यालय में नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर प्रबंधक के साथ नगर पंचायत क्षेत्र की सभी 12 दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, संरक्षक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा का त्योहार आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान पूजा समितियों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई।

नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत प्रशासन को सभी पूजा पंडालों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सुचारू जलापूर्ति बनाए रखने, विसर्जन के दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा विसर्जन मार्ग में पड़ने वाले पेड़-पौधों की छंटाई कर रास्ते को बाधामुक्त बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्व के दौरान संबंधित समितियों एवं नगर पंचायत प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में नवयुवक संघ रामगढ़, युवा जन जागृति मंडल, मां शक्ति संघ छतरपुर, बिरसा मुंडा संघ मसीहानी, शिव शक्ति संघ वार्ड-13, नवयुवक संघ खाटिन, दुर्गा विकास मंडल मसीहानी, ओम शक्ति संघ फुलवारी वार्ड-12, जय मां भवानी संघ लोहराही, जय हिंद बाल किशोर संघ मदनपुर, बाल विकास संघ बैरियाडीह तथा वार्ड संख्या 8 एवं 16 की पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद उमेश कुमार यादव (वार्ड-16), अब्दुल जलील अंसारी, पंकज कुमार पासवान (वार्ड-1), चंदन कुमार, शिव कुमार, रविराज, सुनील कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक का उद्देश्य दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान नगर में स्वच्छता, पेयजल, रोशनी और विसर्जन मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।