बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर जैश रंजन पाठक ने SP को सौंपा ज्ञापन

बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर जैश रंजन पाठक ने SP को सौंपा ज्ञापन

मेदिनीनगर, पलामू। मेदिनीनगर शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर झारखंड कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव सह पलामू के पूर्व जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू ने पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।

ज्ञापन में उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर अनियंत्रित वाहन परिचालन, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम नागरिकों के साथ विद्यार्थियों, मरीजों, व्यवसायियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जैश रंजन पाठक ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रभावी यातायात नियंत्रण, अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित यातायात निगरानी बढ़ाने तथा जाम की समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए ठोस एवं स्थायी व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।