भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी पर गढ़वा भाजयुमो ने सौंपा ज्ञापन, CBI जांच की मांग
भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी पर गढ़वा भाजयुमो ने सौंपा ज्ञापन, CBI जांच की मांग
गढ़वा। जेपीएससी, जेएसएससी, उत्पाद सिपाही भर्ती और जेपीसीएल सहित विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और पेपर लीक के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुन्ना तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वा उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विवादित भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, जेपीएससी के तीन सदस्यों को पद से हटाने एवं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही उत्पाद सिपाही भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग रखी गई।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुन्ना तिवारी ने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया मिलनी चाहिए तथा उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान पूर्व सांसद घूरन राम, रघुराज पांडेय, बिनोद तिवारी, कन्हैया चौबे, विवेकानंद तिवारी, अरविंद कुमार तूफानी, मुकेश कुमार चौबे, जितेंद्र प्रसाद, राजीव तिवारी, अनीता गुप्ता, मधुलता कुमारी, विकास तिवारी, मनोज जायसवाल, कुंदन चंद्रवंशी, अशोक कुमार केशरी सहित भाजपा एवं भाजयुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।




