भगवान गणेश से प्रेरणा लेकर युवाओं में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक ज़िम्मेदारी बढ़ाएँ : अविनाश देव

चैनपुर में धूमधाम से मनाया गया गणेश उत्सव, सामाजिक संदेश पर दिया ज़ोर…

भगवान गणेश से प्रेरणा लेकर युवाओं में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक ज़िम्मेदारी बढ़ाएँ : अविनाश देव

पलामू। पलामू ज़िले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय में स्थानीय पूजा पंडालों में गणेश उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। जय किसान संघ, सिद्धि विनायक संघ और हिन्दू एकता दल के सहयोग से यह उत्सव सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों के साथ संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि अविनाश देव ने श्रोताओं एवं गणेश भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान गणेश की पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देती है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे गणेश ने माता-पिता के आदेश का पालन कर बुद्धि और धैर्य के साथ सभी कार्य किए, वैसे ही आज के युवा भी अपने जीवन में समाज की भलाई, बेटियों की सुरक्षा, नशामुक्ति और मानवता की रक्षा में योगदान दें।

पंडाल में संघ के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पगड़ीपोशी कर भगवान गणपति की तस्वीर देकर अतिथियों का सम्मान किया। अविनाश देव ने आगे कहा कि प्रत्येक कार्य की शुरुआत ‘श्री गणेशाय नमः’ से करने का उद्देश्य हमें सभी प्रयासों में सफलता और सकारात्मक मार्गदर्शन प्राप्त करना है।

उत्सव के माध्यम से न केवल धार्मिक भावनाओं को सशक्त किया गया, बल्कि सामाजिक संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने यह सुनिश्चित किया कि उत्सव में एकता, भाईचारा और राष्ट्रभक्ति की भावना प्रबल की जाए।