भीषण गर्मी को लेकर उपायुक्त की अपील, हीट स्ट्रोक से बचाव हेतु जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

भीषण गर्मी को लेकर उपायुक्त की अपील, हीट स्ट्रोक से बचाव हेतु जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

गिरिडीह, 18 मई 2026: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और भीषण तापमान को देखते हुए गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने आमजनों से सतर्क रहने और हीट स्ट्रोक (लू) से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिकों को “क्या करें और क्या न करें” संबंधी निर्देशों का पालन करना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि समय रहते सावधानी बरतकर हीट स्ट्रोक से होने वाली जटिलताओं से आसानी से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने, धूप में निकलते समय गमछा, टोपी, छाता और धूप का चश्मा इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही सफर के दौरान अपने साथ पानी रखने और शरीर को हाइड्रेट रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि गर्मी में ओआरएस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नारियल पानी, आम का पना, गन्ने का रस और नमक-चीनी का घोल जैसे तरल पदार्थों का अधिक सेवन करना चाहिए। इसके अलावा तरबूज, खरबूज, आम और ककड़ी जैसे मौसमी फलों का सेवन भी लाभकारी है। उपायुक्त ने कहा कि शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना चाहिए तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
जिला प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। धूप में खड़े वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को छोड़ने से भी मना किया गया है। साथ ही लंबे समय तक धूप में रहने, बासी भोजन और अत्यधिक प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।
अंत में उपायुक्त ने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर विश्वास करने की अपील करते हुए कहा कि “सावधानी ही सुरक्षा है”, इसलिए सभी लोग सतर्क रहकर अपने एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।