स्कॉलर बीएड कॉलेज में संविधान दिवस पर विशेष आयोजन, शहीदों को नमन कर लिया संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प
संविधान दिवस पर स्कॉलर बीएड कॉलेज में भाषण कार्यक्रम, 26/11 के शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का प्रशिक्षुओं से किया गया आह्वान
गिरिडीह। स्कॉलर बीएड कॉलेज, गिरिडीह में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर विचारोत्तेजक भाषण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद वीर जवानों एवं निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित सभी शिक्षक एवं प्रशिक्षुओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को नमन किया।
इसके पश्चात संविधान दिवस पर आयोजित भाषण कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल आदर्शों को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।
इस अवसर पर डीएलएड प्रभारी डॉ. हरदीप कौर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल देश के संचालन का कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि 26/11 का आतंकी हमला हमें देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के प्रति हमेशा सजग रहने की सीख देता है। शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे संविधान के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और शिक्षण कार्यों में भी आत्मसात करें। एक शिक्षक के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि वे आने वाली पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाएं।
कार्यक्रम का मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर डॉ. सुधांशु शेखर जमयार ने किया। इस दौरान कॉलेज के सभी व्याख्याताओं एवं प्रशिक्षुओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं में संवैधानिक चेतना, राष्ट्रप्रेम तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।

