बगोदर में 29 हाथियों का झुंड चौथे दिन भी सक्रिय, किसानों को करोड़ों का नुकसान

बगोदर में 29 हाथियों का झुंड चौथे दिन भी सक्रिय, किसानों को करोड़ों का नुकसान

गिरिडीह। जिले के बगोदर प्रखंड के अटका क्षेत्र में 29 जंगली हाथियों का झुंड चौथे दिन भी सक्रिय रहा। हाथियों ने खेतों में लगी तैयार फसलों के साथ कई संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया। लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

हाथियों के झुंड ने एक होटल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जबकि एक पॉल्ट्री फार्म को क्षतिग्रस्त कर दिया। फार्म क्षतिग्रस्त होने के बाद करीब दो हजार मुर्गे भाग गए। इसके अलावा कई स्थानों पर चारदीवारी तोड़ दी गई।

हाथियों ने खेतों एवं कुओं के पास लगे मोटर पंप, ड्रिप इरिगेशन सिस्टम सहित अन्य सिंचाई उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं बादाम, मिर्च, भिंडी, खीरा, धनिया पत्ता, मूली और धान समेत कई फसलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।

किसानों के अनुसार, हाथियों ने करीब एक किलोमीटर के दायरे में बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले चार दिनों में 100 से अधिक किसानों को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। लगातार हो रहे नुकसान से प्रभावित किसान मुआवजे और हाथियों को सुरक्षित क्षेत्र में भेजने की मांग कर रहे हैं।