बढ़निया चर्च में संत जेवियर पर्व का आयोजन, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण
बढ़निया चर्च में संत जेवियर पर्व सह जुबली समारोह संपन्न
बरवाडीह :- प्रखंड के मोरवाई पंचायत अंतर्गत बढ़निया चर्च परिसर में संत जेवियर पर्व सह जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशप थियोडोर मास्कारेनस, फादर जॉर्ज, फादर राजेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।समारोह की शुरुआत विशप एवं अन्य अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण के साथ की गई। इसके बाद कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। स्थानीय कलाकारों ने झारखंड की कला-संस्कृति को दर्शाते हुए विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।समारोह को संबोधित करते हुए विशप थियोडोर मास्कारेनस ने कहा कि “संत फ्रांसिस जेवियर ने परिश्रम, त्याग और समर्पण के साथ भारत में मिशनरी कार्य को आगे बढ़ाया। वे भारत के लिए प्रेरणा, प्रकाश और विश्वास के अग्रदूत बने।” उन्होंने सभी से अपने जीवन में परिश्रम, सेवा-भाव और लक्ष्य के प्रति निष्ठा अपनाने का आह्वान किया।वहीं कार्यक्रम में मौजूद विजय बहादुर सिंह ने कहा कि संत फ्रांसिस जेवियर का जीवन समाज सेवा, त्याग और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने अपने पूरे जीवन को समाज की एकता और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित किया, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।कार्यक्रम के दौरान अन्य फादरों ने भी प्रेरणादायक संदेश देते हुए लोगों को सेवा एवं समर्पण की भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।मौके पर मरियम टोप्पो, क्लामेट, सुनीता टोप्पो सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

