अवैध पशु तस्करी की आशंका में बड़ा हादसा, पशुओं से लदा पिकअप पलटा, चालक समेत 4 की मौत, 5 पशु घायल
अवैध पशु तस्करी की आशंका में बड़ा हादसा, पशुओं से लदा पिकअप पलटा, चालक समेत 4 की मौत, 5 पशु घायल
गुमला। जिले में अवैध पशु तस्करी पर लगाम नहीं लग पाने के बीच गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायडीह थाना क्षेत्र के कासीर कोयनारटोली के समीप पशुओं से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद दो बार पलट गया। हादसे में तीन पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पांच अन्य पशु घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (संख्या जेएच07एल-9443) चैनपुर की ओर से तेज गति में आ रहा था। वाहन में बड़ी संख्या में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। कोयनारटोली के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद पिकअप सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया और दो बार पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें लदे पशु बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद वाहन में सवार अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है तथा मृत और घायल पशुओं को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान सुभान शाह (36 वर्ष), निवासी साईं टांगरटोली, लोदाम (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हादसे के बाद उसके सहयोगी उसे इलाज के लिए ले गए थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला लाया गया। रायडीह थाना के एसआई अजय यादव ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराने के बाद पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से रात के समय अक्सर पशुओं की अवैध ढुलाई और तस्करी की जाती है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है, जिसके कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध पशु तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा इस नेटवर्क पर स्थायी अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार लोगों की तलाश जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे ने एक बार फिर अवैध पशु परिवहन और तस्करी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



