अमवाडीह स्कूल में SMC गठन के बाद विवाद, ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ BRC में दिया आवेदन

अमवाडीह स्कूल में SMC गठन के बाद विवाद, ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ BRC में दिया आवेदन

केतार (गढ़वा)। परती पंचायत स्थित अमवाडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के पुनर्गठन के बाद विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत की मुखिया मुंत्री देवी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक चुनाव प्रक्रिया के दौरान बैठक में मौजूद रहे और उस समय कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन अगले दिन बीआरसी में लिखित शिकायत देकर नवगठित समिति के अध्यक्ष के चयन पर सवाल उठाया। इससे नाराज ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन बीआरसी केतार को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और नवगठित समिति के संबंध में नियमानुसार निर्णय लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने की बात कही है।

वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि वर्तमान में अध्यक्ष चुनी गई महिला पूर्व में संयोजिका थीं और उन्हें कार्यकाल के बीच हटाकर मध्यावधि चुनाव कराया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि संबंधित महिला का बच्चा निजी विद्यालय में पढ़ता है, इसलिए चयन की वैधता को लेकर उन्होंने पर्यवेक्षक के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी। प्रधानाध्यापक के अनुसार, वहां से कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने विभाग को मामले की जानकारी दी। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच अब विभागीय जांच के बाद ही समिति गठन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You may have missed