आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग से घटेंगे सड़क हादसे, हेमंत सोरेन का बड़ा बयान
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की स्थापना सड़क सुरक्षा को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में विदेश दौरे के दौरान उन्हें Volvo के ट्रेनिंग सेंटर का दौरा करने का अवसर मिला, जहाँ सड़क सुरक्षा और आधुनिक ड्राइविंग तकनीकों पर अत्याधुनिक रिसर्च की जाती है। वहाँ सेंसर-बेस्ड वाहन इस तरह विकसित किए गए हैं कि यदि सामने कोई व्यक्ति या जानवर आ जाए, तो वाहन स्वतः अलर्ट होकर रुक जाता है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि भारत में भी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में ऐसी आधुनिक तकनीकों और बेहतर ड्राइविंग प्रशिक्षण को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने चिंता जताई कि देश में सड़कें लगातार बेहतर और चौड़ी हो रही हैं, लेकिन इसके साथ सड़क हादसों और मौतों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण, नई तकनीक और लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सकता है। सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग संस्कृति विकसित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

