पुतुर चौपाल के समीप धुरकी पुलिस ने चलाया जन-जागरूकता अभियान, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों से बचाव की दी जानकारी

पुतुर चौपाल के समीप पुलिस ने चलाया जन-जागरूकता अभियान

धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुतुर चौपाल के समीप थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात सुरक्षा, आपातकालीन सेवा डायल 112, डायन-बिसाही जैसी अंधविश्वासपूर्ण कुरीतियों के उन्मूलन तथा जमीन विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही आगामी छठ महापर्व को देखते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान घाटों पर साफ-सफाई रखें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।वहीं थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि साइबर अपराध के प्रति सभी लोगों को सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या गोपनीय विवरण साझा नहीं करें। आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि डायन-बिसाही जैसी कुरीतियां समाज के लिए अभिशाप हैं, इन्हें समाप्त करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
उन्होंने जमीन विवाद को लेकर कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले। विवादों का निपटारा आपसी सहमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत करें। पुलिस का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। इस अभियान में उपस्थित ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।

You may have missed