गिरिडीह स्टेडियम में बोकारो रीजन की खेल चयन प्रतियोगिता आयोजित, पांच वन प्रमंडलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के तत्वावधान में गिरिडीह स्टेडियम में बोकारो रीजन के प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन को लेकर खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल, गिरिडीह पश्चिमी वन प्रमंडल, धनबाद वन प्रमंडल, बोकारो वन प्रमंडल एवं रामगढ़ वन प्रमंडल के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम तथा एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन, खेल भावना और आपसी समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ उत्साह और जोश भी देखने को मिला।
इस चयन प्रतियोगिता का उद्देश्य बोकारो रीजन के योग्य एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगामी खेल प्रतियोगिताओं में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर देना है। चयनित खिलाड़ी आगे रीजन की ओर से प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन संरक्षक मनीष तिवारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार सिंह, सहायक वन संरक्षक अनिल कुमार, प्रभारी वनपाल रोहित कुमार पानुरी एवं अमर विश्वकर्मा की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन में पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

