लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ भाजपा की पदयात्रा, अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारे के साथ भाजपा ने निकाली पदयात्रा
अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा— लोकतंत्र को मजाक बनाने वालों को जनता सिखाएगी सबक
मेदिनीनगर (पलामू)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को मेदिनीनगर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकाली गई। शिवाजी मैदान से कचहरी परिसर तक निकाली गई इस पदयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और झारखंड भाजपा प्रभारी निवेदिता सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कचहरी परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पाने के लिए कांग्रेस गलत हथकंडे अपना रही है और देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर संसद में जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने के बजाय मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है। ऐसे प्रयास लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि देश अराजकता से नहीं, बल्कि लोकतंत्र से चलेगा और जनता लोकतंत्र में विश्वास रखती है। लोकतंत्र को बदनाम करने वालों को जनता निश्चित रूप से सबक सिखाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए राज्य में खराब सड़कों, महिलाओं की असुरक्षा, पेंशन की समस्याओं, बढ़ते अपराध और माफियागिरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है और अपराधियों को राजनीतिक एवं प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है। सरकारी खजाने में लूट का आरोप लगाते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
वहीं, झारखंड भाजपा प्रभारी निवेदिता सिंह ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्ष सत्ता से दूर होने के कारण लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास कर रहा है।
भाजपा नेताओं ने पदयात्रा के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा और देश में अराजकता फैलाने के कथित प्रयासों के खिलाफ जनता को जागरूक करने का संदेश दिया।


