बैंक से पैसे निकालकर लौट रही महिला से 4 लाख की छिनतई
मेदिनीनगर : मेदिनीनगर में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. शहर थाना क्षेत्र में बुधवार को पंजाब एंड सिंध बैंक (PNB) से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही महिला का रुपयों से भरा झोला छीनकर अपराधी फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें : अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की मौत मामले में झारखंड हाईकोर्ट में 19 नवंबर को अगली सुनवाई, 22 अक्टूबर को हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी 32 वर्षीय ललिता देवी अपने पति भोला साव के कमर के ऑपरेशन और मजदूरी के भुगतान के लिए बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं. इसी दौरान उनके साथ आए ससुर बाजार में सब्जी खरीदने चले गए.
इस दौरान तीन कोनिया गैरेज के पास पैदल पहुंचे एक युवक ने अचानक उनके हाथ से रुपयों से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गया.बताया जा रहा है कि वारदात में उसका एक अन्य साथी भी शामिल था.घटना के बाद महिला बदहवास होकर रोने लगी. घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की.
सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. पीड़िता का दावा है कि फुटेज में झोला छीनने वाला युवक और उसका साथी दिखाई दे रहे हैं.महिला ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान करने का भी दावा किया है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है.दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटे गए चार लाख रुपये बरामद करने की चुनौती है

