कांडी में पांचवीं चुनावी पाठशाला आयोजित, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधार पर जोर

राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैना बार स्थित बूथ संख्या एक पर चुनावी पाठशाला का निरीक्षण करते बीडीओ राजेश कुमार एवं अन्य।

कांडी/प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर पांचवीं चुनावी पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने और नाम व पते में सुधार को लेकर जागरूक किया गया। बीडीओ सह अंचल अधिकारी राजेश कुमार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैना बार स्थित बूथ संख्या एक पर पहुंचकर चुनावी पाठशाला का निरीक्षण किया।
इस आयोजन में पूर्व मुखिया विनोद प्रसाद की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही। उन्होंने स्थानीय स्तर पर चुनावी पाठशाला के आयोजन एवं मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। उनके सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने तथा लोगों को निर्वाचन संबंधी जानकारी देने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि प्रखंड के सभी बूथों पर चुनावी पाठशाला आयोजित कर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। वहीं बीपीआरओ शाहिद अंसारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रपत्र एक एवं दो से संबंधित कार्यों के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं सुधार पर विस्तार से चर्चा की गई। इस संबंध में सभी बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि वैसे युवा जिनकी उम्र एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरकर 12 नवंबर तक जमा कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर पलायन कर चुके मतदाताओं की पहचान कर नियमानुसार प्रपत्र-7 के माध्यम से नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार कराने को कहा गया।
साथ ही वैसे पात्र मतदाता जिनके आवेदन अधूरे हैं अथवा किसी कारणवश उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उनके आवेदन पूरे कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने सभी बीएलओ को निर्वाचन संबंधी कार्यों में गंभीरता बरतने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने नहीं देने पर जोर दिया।