कांडी के 103 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को मिलेंगे स्वेटर, करीब 7 हजार स्वेटर वितरित

कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं को स्वेटर उपलब्ध करातीं प्रखंड पर्यवेक्षिका राना तबस्सुम।

कांडी/प्रतिनिधि। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित नौनिहालों को राहत देने की पहल की गई है। मंगलवार को कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में बाल विकास परियोजना की ओर से प्रखंड क्षेत्र के सभी 103 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए करीब सात हजार स्वेटर का वितरण किया गया। प्रखंड पर्यवेक्षिका राना तबस्सुम ने संबंधित केंद्रों की सेविकाओं को बच्चों की संख्या के अनुसार स्वेटर उपलब्ध कराए।
इस संबंध में प्रखंड पर्यवेक्षिका राना तबस्सुम ने बताया कि सर्दी के मौसम में छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। सभी 103 आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों तक स्वेटर पहुंचाने की योजना है, ताकि बच्चे ठंड से सुरक्षित रह सकें और नियमित रूप से केंद्रों में आ सकें।
उन्होंने बताया कि सभी सेविकाओं को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त स्वेटर का वितरण अपने-अपने केंद्रों में नामांकित बच्चों के बीच सुनिश्चित करें। साथ ही किसी केंद्र में बच्चों की संख्या के अनुपात में स्वेटर कम पड़ने पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त स्वेटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयास है कि कोई भी बच्चा इस सुविधा से वंचित नहीं रहे।
स्वेटर वितरण की इस पहल से प्रखंड क्षेत्र के 103 आंगनबाड़ी केंद्रों के हजारों बच्चों को सर्दी से बचाव में मदद मिलेगी। वितरण के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं में भी उत्साह देखा गया।
मौके पर कंप्यूटर ऑपरेटर पंकज कुमार, आंगनबाड़ी सेविका पुष्पा देवी, प्रभावती देवी, निर्मला देवी, जनक राज देवी, रीना देवी, मंजू देवी, विमला देवी सहित प्रखंड क्षेत्र की अन्य सेविकाएं एवं कर्मी उपस्थित थे।