बारिश के बीच कल्पना सोरेन ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

गिरिडीह। आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने लगातार हो रही बारिश के बीच गिरिडीह के अरगाघाट और शास्त्री नगर छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता तथा घाटों पर मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का स्थलीय आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर प्रमिला मेहरा, डीडीसी स्मृता कुमारी और दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की पत्नी व झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा भी मौजूद रहीं। सभी ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है। पर्व के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षित आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने पर्व के दौरान स्वच्छता और जनसहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया तथा नागरिकों से घाटों की सफाई एवं व्यवस्था में सहयोग की अपील की।