खूँटी नीचे चौक पर बड़े गड्ढे से दुर्घटना का खतरा, बजरंग दल ने उपायुक्त कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
खूँटी नीचे चौक पर बड़े गड्ढे से दुर्घटना का खतरा, बजरंग दल ने उपायुक्त कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
खूँटी, संवाददाता। खूँटी के नीचे चौक पर सड़क के बीचों-बीच बने बड़े एवं गहरे गड्ढे से संभावित दुर्घटना के खतरे को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने उपायुक्त कार्यालय, खूँटी में ज्ञापन सौंपकर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने दीपावली से पहले इस समस्या का समाधान करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मवीर महतो ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि नीचे चौक से प्रतिदिन भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क के ठीक बीचों-बीच गहरा गड्ढा होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर वाहनों के मुड़ने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय कम रोशनी में गड्ढा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर बाजार में लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में समय रहते गड्ढे की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।
कर्मवीर महतो ने जिला प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर गड्ढे की अविलंब मरम्मत कराई जाए। मरम्मत होने तक दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उचित चेतावनी संकेतक एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित बना रहे।
इस अवसर पर अनुराज बरदियार, सुदान टूटी, सत्यम कुमार एवं कृष साहू उपस्थित थे। संगठन ने जिला प्रशासन से जनहित की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।


