रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के चार्जिंग पॉइंट रहेंगे बंद

ट्रेनों में आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए रेलवे बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। नए निर्देश के अनुसार, रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोच के मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने होंगे। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है।

यह फैसला दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के एक कोच में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक से धुआं निकलने और ब्लास्ट होने की घटना के बाद लिया गया। घटना के समय चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं थे।

रेलवे बोर्ड ने रेलकर्मियों को नियमों के प्रति प्रशिक्षित करने और जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने को कहा गया है। आदेश की अनदेखी या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कदम का उद्देश्य ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।