गिरिडीह पुलिस की पहल: 80 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल, अब तक 1035 फोन बरामद
गिरिडीह। न्यू पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय भवन में मंगलवार को आयोजित पुलिस कार्यक्रम “आपका मोबाइल फिर से आपके पास” के तहत जिला पुलिस ने 80 उपभोक्ताओं को उनके चोरी या गुम हुए मोबाइल वापस सौंप दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने उपभोक्ताओं को मोबाइल हस्तांतरित किए।
मौके पर एसपी ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल अब केवल संचार का साधन नहीं रह गया है, बल्कि पहचान, सुरक्षा, शिक्षा और बैंकिंग जैसी अनेक आवश्यक सेवाओं से जुड़ा अहम उपकरण बन चुका है। मोबाइल चोरी या खो जाना उपभोक्ता के लिए गंभीर समस्या है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह पुलिस शिकायतों के आधार पर तकनीक और उपलब्ध संसाधनों के जरिए फोन का पता लगाकर उसे वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का प्रयास लगातार कर रही है।
एसपी ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक जिले में कुल 1035 मोबाइल उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे उपभोक्ताओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कुछ लोगों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण नया मोबाइल खरीदना संभव नहीं था, ऐसे में खोया फोन वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत रहा। वापसी के बाद कई उपभोक्ताओं ने एसपी और पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी-1 नीरज कुमार सिंह, डीएसपी-2 आर के राणा, सार्जेंट मेजर सनी कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार सहित अन्य थानों के प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

