गिरिडीह के एम देवी क्लिनिक पर देर रात छापेमारी, रजिस्ट्रेशन स्थगित होने के बावजूद संचालन की शिकायत
गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड स्थित राणाटांड़ के एम देवी क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार देर रात औचक निरीक्षण किया। क्लिनिक का प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन स्थगित किए जाने के बावजूद इसके संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। सिविल सर्जन के निर्देश पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अबू कासिफ के नेतृत्व में टीम पहुंची।
निरीक्षण के दौरान क्लिनिक अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर दो मरीज मिलीं। भ्रूण हत्या से जुड़े मामले में संदेह के आधार पर वरीय अधिकारियों से बातचीत के बाद दोनों को एंबुलेंस से गिरिडीह के चैताडीह स्थित मातृ सेवा सदन भेजा गया।
टीम को एक महिला कर्मचारी भी मिली, जो एएनएम से संबंधित प्रमाणपत्र नहीं दिखा सकी। खुद को मैनेजर बताने वाले व्यक्ति से चिकित्सक को बुलाने के लिए कहा गया, लेकिन दो घंटे इंतजार के बाद भी कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा।
इससे पहले 12 अक्टूबर को सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह के निरीक्षण में गड़बड़ियां मिली थीं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के अनुसार, जांच रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन, बीडीओ और सीओ को भेज दी गई है।

