मुकुंदपुर पंचायत सचिवालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

मुकुंदपुर पंचायत सचिवालय में गूंजा गांधी-शास्त्री के विचारों का संदेश
केतार। प्रखंड के मुकुंदपुर पंचायत सचिवालय सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं ग्रामीणों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के बताए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
मौके पर मुकुंदपुर पंचायत के मुखिया मुंगा साह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। दोनों महापुरुषों ने देश की सेवा और राष्ट्रहित के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। यही कारण है कि आज देशभर में उनकी जयंती श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुखिया ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करना नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने व्यवहार और जीवन में उतारना भी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने तथा समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव आदित्य कुमार ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्ष और त्याग से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशहित की भावना को अपनाकर ही समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
इस अवसर पर रोजगार सेवक दीपक जायसवाल वार्ड सदस्य धर्मेंद्र सिंह राजा प्रसाद अशोक पासवान सफिना बानो सीमा देवी असमीना बीबी