SIR-2026 पर बैठक, 63,467 दावे-आपत्तियां मिलीं; 19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
SIR-2026:डीईओ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग की बैठक,दावे-आपत्तियों के निस्तारण और नोटिस प्राप्त मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया पर हुई चर्चा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर के तहत अब तक हुई कार्रवाई,प्राप्त दावे-आपत्तियों तथा आगे की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 5 अगस्त से 30 सितंबर तक निर्धारित थी। अब प्राप्त दावे-आपत्तियों के नोटिस, सत्यापन एवं निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि 30 सितंबर तक प्रपत्र 6 से जुड़ी जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 63,467 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग से संबंधित 23,619 तथा 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग से संबंधित 39,848 आवेदन शामिल हैं।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बीएलए-2 की भी समीक्षा की गयी।जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से अब तक कुल 4,739 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं।
वहीं,No Mapping एवं Anomalies के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के मामलों में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की भी जानकारी दी गयी। बताया गया कि ऐसे मामलों में संबंधित बीएलओ मतदाता के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे और उन्हें ECI Net/BLO App पर अपलोड करेंगे। इसके आधार पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा मामले में निर्णय लिया जाएगा।
नोटिस प्राप्त मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि सामान्य परिस्थितियों में ऐसे मतदाताओं को सुनवाई के लिए निर्वाचन कार्यालय बुलाने की आवश्यकता नहीं होगी। विशेष परिस्थितियों में आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई की जा सकेगी।
बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार हेल्प डेस्क एवं विशेष कैंप लगाने की जानकारी भी दी गयी।इसके माध्यम से रन बसेरों में रहने वाले लोगों, मजदूरों, गरीब एवं बेघर लोगों समेत जरूरतमंद नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री शेखावत ने SIR-2026 की प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

