रेड़मा में रेस्क्यू बच्चियों के मामले में कार्रवाई में देरी पर भड़के रूचिर तिवारी, एसपी से स्वतः संज्ञान लेकर जांच की मांग
बालिकाओं के रेस्क्यू मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी पर भड़के रूचिर तिवारी, कहा– दोषियों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी
रेड़मा वार्ड नंबर 17 से एक सप्ताह पूर्व रेस्क्यू की गई आदिवासी बच्चियों के मामले की बाल संरक्षण कार्यालय पहुंचकर की पड़ताल, ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की कार्यशैली पर उठाए सवाल; एसपी से स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग।
मेदिनीनगर, पलामू। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने एक सप्ताह पूर्व मेदिनीनगर के श्रीराम पथ, रेड़मा वार्ड नंबर 17 स्थित एक घर से रेस्क्यू की गई बच्चियों के मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल संरक्षण कार्यालय, मेदिनीनगर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान अखिल भारतीय नौजवान संघ के जिला सचिव चंद्रशेखर तिवारी भी उनके साथ मौजूद थे।
जांच के दौरान जानकारी मिली कि बाल संरक्षण पदाधिकारी एवं उनकी टीम ने रेस्क्यू की गई बच्चियों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया था और मामले को आगे की कार्रवाई के लिए ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सौंप दिया था। लेकिन घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पुलिस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
रूचिर कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी रितेश लकड़ा से भी बातचीत की। बातचीत के दौरान प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पर श्री तिवारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब बच्चियों को रेस्क्यू किया गया, उनका बयान दर्ज किया गया और मामला संबंधित पुलिस इकाई को सौंपा गया, तो फिर पुलिस अब तक किस बात का इंतजार कर रही है? बच्चियों की सुरक्षा और उनके साथ हुए कथित शोषण के मामले में आवेदन का इंतजार करना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि रेस्क्यू की गई बच्चियां आदिवासी-मूलवासी समुदाय से हैं। उनके साथ कथित तौर पर श्रम शोषण के साथ-साथ अनैतिक शोषण किए जाने की भी बात सामने आई है। ऐसे गंभीर मामले में जिला प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी है कि तत्काल निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करे और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
भाकपा की एसपी से मांग
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पलामू आरक्षी अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले में पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू करे। यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो पुलिस नियमानुसार स्वयं प्राथमिकी दर्ज कर या आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाकर कार्रवाई करे। प्रभावशाली और रसूखदार लोगों के दबाव में किसी भी सूरत में मामले को दबाया नहीं जाना चाहिए।
रूचिर कुमार तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन और पुलिस बच्चियों के साथ कथित शोषण करने वाले दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। बच्चियों को न्याय दिलाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा!

