संत मरियम विद्यालय में मार्शल-आर्ट्स प्रशिक्षण शिविर, खिलाड़ियों ने दी बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा
संत मरियम विद्यालय में एक दिवसीय मार्शल-आर्ट्स प्रशिक्षण शिविर एवं बेल्ट ग्रेडिंग आयोजित
मेदिनीनगर। संत मरियम विद्यालय में एक दिवसीय मिक्सड मार्शल-आर्ट्स एडवांस प्रशिक्षण शिविर एवं बेल्ट ग्रेडिंग का आयोजन किया गया। शिविर में संत मरियम विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ पलामू जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों मार्शल-आर्ट्स खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन पलामू मिक्सड मार्शल-आर्ट्स टाइगर्स एकेडमी के तत्वावधान में किया गया। एकेडमी की संबद्धता द वर्ल्ड मिक्सड मार्शल-आर्ट्स काउंसिल एवं ग्लोबल इंटरनेशनल मार्शल-आर्ट्स फेडरेशन से बताई गई है।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों को सेल्फ डिफेंस, बेसिक मार्शल-आर्ट्स तकनीक, डंडा एवं तलवार संचालन, जिम्नास्टिक, ग्रुप फाइट-ब्रेकिंग, जंप-किक, काता सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद योग्य खिलाड़ियों की बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में इंटरनेशनल टाइगर्स फुल कॉन्टैक्ट कराटे फेडरेशन के चेयरमैन अविनाश देव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मार्शल-आर्ट्स केवल शारीरिक क्षमता विकसित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मरक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का भी महत्वपूर्ण प्रशिक्षण है। नियमित अभ्यास से बच्चों में कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस और आत्मनिर्भरता विकसित होती है।
शिविर एवं बेल्ट ग्रेडिंग का नेतृत्व मुख्य मार्शल-आर्ट्स प्रशिक्षक क्योशी संतोष कुमार ने किया। उनके साथ सहयोगी प्रशिक्षकों शिहान संजय कुमार पासवान, शिहान अजय कुमार ठाकुर, शिहान सज्जाद हुसैन कादरी, शिहान अभिषेक कुमार, सेंसेई शमशेर अंसारी, सेंसेई नीरज पांडे सहित महिला प्रशिक्षकों सेंसेई गोल्डी कुमारी, सेंसेई संध्या कुमारी, डोली कुमारी, सेंसेई कल्पना कुमारी, सेंसेई चांदनी कुमारी एवं सेंसेई आंचल कुमारी ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया तथा बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा संपन्न कराई।

