बरवाडीह में 20 वर्षीय युवक लापता, 10 दिनों से नहीं मिला कोई सुराग, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन
बरवाडीह में 20 वर्षीय युवक लापता, 10 दिनों से नहीं मिला कोई सुराग, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।
बरवाडीह: लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र से एक 20 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के अचानक लापता होने से परिवार के लोग काफी चिंतित हैं। परिजनों के अनुसार, युवक 18 सितंबर 2026 से घर से लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक की शादी इसी वर्ष 21 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी के लगभग तीन महीने बाद, 21 जुलाई को उसकी पत्नी के मायके चले जाने को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया। परिजनों का कहना है कि 13 सितंबर को भी पत्नी को वापस लाने के लिए प्रयास किया गया, लेकिन विदाई नहीं हो सकी।
परिजनों के अनुसार, इस मामले को लेकर मुखिया और सरपंच की मौजूदगी में भी बातचीत हुई थी। उस दौरान दशहरा के बाद पत्नी की विदाई कराने की बात कही गई थी। हालांकि, इसके बाद भी पारिवारिक विवाद का समाधान नहीं हो सका।
इसी बीच 18 सितंबर से युवक के लापता होने की बात सामने आई। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार 24 सितंबर 2026 को परिजनों ने बरवाडीह थाना में लिखित आवेदन देकर युवक की तलाश कराने की गुहार लगाई।
फिलहाल युवक के लापता होने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। परिजन युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं और पुलिस से जल्द खोजबीन करने की मांग कर रहे हैं।

