बरवाडीह के जर्जर स्कूल भवनों पर मंडरा रहा खतरा, बारिश में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
बरवाडीह प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों की हालत जर्जर, बारिश और वज्रपात से बढ़ा खतरा, मरम्मत की मांग।
बरवाडीह प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों में लगातार हो रही भारी बारिश और वज्रपात के कारण विद्यालयों की छत एवं कमरों की स्थिति जर्जर होने की चिंता सामने आई है। विद्यालयों की खराब स्थिति के बीच बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कई विद्यालयों की छतें और कमरे मरम्मत की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ विद्यालयों में नई छत बनाने की भी आवश्यकता बताई जा रही है। बारिश के दौरान जर्जर भवनों में पठन-पाठन जारी रहने से विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
जहां विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, वहीं बच्चे अपने उज्ज्वल भविष्य का सपना लेकर पढ़ने आते हैं। लेकिन यदि विद्यालय का भवन ही सुरक्षित नहीं होगा, तो बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
ऐसे में संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग है कि बरवाडीह प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के भवनों की स्थिति की जांच कराई जाए। जिन विद्यालयों की छत और कमरे जर्जर हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए। जहां नई छत की आवश्यकता है, वहां निर्माण की व्यवस्था की जाए।


