गढ़वा में नशा मुक्त युवा अभियान, सही पोषण और जीवनशैली को लेकर युवाओं को किया जागरूक

गढ़वा में नशा मुक्त युवा अभियान, सही पोषण और जीवनशैली को लेकर युवाओं को किया जागरूक

गढ़वा। मेरा युवा भारत गढ़वा की ओर से रविवार को सदर अस्पताल गढ़वा के कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत हेल्थ चेकअप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला स्वास्थ्य विभाग, जिला एनटीसीपी और एनसीडी सेल के सहयोग से हुआ।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें सही पोषण, बेहतर जीवनशैली और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला कुष्ठरोग परामर्शी डॉ. भारत भूषण ने युवाओं को बताया कि शरीर को स्वस्थ रखने में संतुलित पोषण और सही जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बेहतर खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर गैर-संचारी बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।

वहीं, जिला नोडल राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम सह एनसीडी सेल के कुमार संजीव शरण ने नशे और उसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं को जागरूक किया।

एनटीपीसी सेल के सलाहकार नीरज कुमार ने बताया कि तंबाकू और शराब की अवैध बिक्री की सूचना जिला प्रशासन तक किस प्रकार पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने नशा मुक्त समाज बनाने में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में माय भारत के स्वयंसेवकों के साथ आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा अधिकारी पामीर सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर माय भारत कार्यालय से रमेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और संबंधित सेल के पदाधिकारी मौजूद रहे।