गढ़वा में जमीन की खुदाई में मिला संदूक, खजाने की चर्चा से मची सनसनी; 40 परिवारों ने जताया दावा
गढ़वा/रमना: प्रखंड क्षेत्र में जमीन की खुदाई के दौरान लोहे का संदूक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि प्राचीन शिव मंदिर के समीप घर निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के अंदर दबा हुआ एक लोहे का संदूक मिला।
संदूक मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। संदूक को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और इसे लेकर दावा करने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी। बताया जा रहा है कि करीब 40 परिवारों ने संदूक पर अपना दावा जताया है, जिससे विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।
हालांकि, संदूक के अंदर क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने संदूक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। संदूक में वास्तव में क्या मौजूद है और वह कितना पुराना है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

