कला संगम की सारेगामा गीत प्रतियोगिता में गूंजे सुर, प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर
कला संगम की सारेगामा गीत प्रतियोगिता में गूंजे सुर, प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर
स्व. नन्दकिशोर प्रसाद स्मृति सारेगामा गीत प्रतियोगिता का हुआ भव्य उद्घाटन
गिरिडीह: कला संगम द्वारा आयोजित स्व. नन्दकिशोर प्रसाद स्मृति सारेगामा गीत प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कला संगम के संरक्षक डॉ. विकास लाल, संरक्षक अजय कुमार सिन्हा ‘मंटू’, सचिव सतीश कुन्दन, रोटरी ग्रेटर के पूर्व अध्यक्ष विकास सिन्हा एवं उपाध्यक्ष सुजय राज गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. नन्दकिशोर प्रसाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मंच संचालन कला संगम के सह सचिव मनोज कुमार ‘मुन्ना’ ने किया। वहीं नाट्य प्रमुख नीतीश आनंद एवं मनोज जी ने आगंतुक अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर कला संगम के संरक्षक अजय कुमार सिन्हा ‘मंटू’ ने कहा कि कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उनके पिता स्व. नन्दकिशोर प्रसाद की स्मृति में लगातार सारेगामा गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों और युवा कलाकारों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर देना है।
डॉ. विकास लाल ने कहा कि बच्चों में संगीत के प्रति उत्साह और रुचि बढ़ाने के लिए कला संगम लगातार प्रयासरत है। ऐसे आयोजन भारतीय कला एवं संस्कृति को समृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कला संगम के सचिव सतीश कुन्दन ने कहा कि संस्था रंगमंच और संगीत के प्रति लोगों का लगाव बढ़ाने तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए लगातार सक्रिय योगदान दे रही है।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका नयन दीप सिन्हा, राजीव रंजन, अरित चंद्र, दिवानंद प्रसाद एवं रविशंकर सिंह ने निभाई। वहीं संगीत संगत में दया शंकर सिंह, दिनेश, चंदन कुमार एवं सुरेंद्र जी ने अपनी भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में राजेन्द्र कुमार तर्वे, डॉ. तारक नाथ देव, रोटरी ग्रेटर के सह सचिव, पूर्व अध्यक्ष विकास सिन्हा समेत कला एवं संगीत प्रेमी मौजूद रहे। अंत में कला संगम के उपाध्यक्ष सुजय राज गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, निर्णायकों, कलाकारों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।

