गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि, नेताओं ने कहा- अपूरणीय क्षति

गिरिडीह। जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को झारखंड के दिवंगत कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा का माहौल शोक से गंभीर था। मौके पर उपस्थित अधिकांश नेता और कार्यकर्ता अपने आंसू नहीं रोक पाए और आंखों में आंसू लिए ही दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि झारखंड के राजनीतिक क्षितिज पर एक चमकता हुआ सितारा खो गया है। उन्होंने कहा, “सुदिव्य कुमार केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे। वे गुरुजी के सपनों के झारखंड के निर्माण को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे।” केडिया ने भावुक होते हुए कहा कि यह क्षति सिर्फ गिरिडीह की नहीं, बल्कि पूरे राज्य की है। “मेरे व्यक्तिगत जीवन में मैंने एक पिता समान बड़ा भाई खोया है, जिसकी भरपाई करना असंभव है।”
कार्यक्रम में अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि सोनू भैया जैसे जनप्रतिनिधि शायद ही आज तक गिरिडीह को मिले हों। उन्होंने कहा कि अपने अल्प कार्यकाल में उन्होंने जो काम किए, वे गिरिडीह के इतिहास में अभूतपूर्व हैं। “उनका असमय चला जाना अत्यंत दुखद है। अभी तक विश्वास नहीं हो रहा कि ऐसा हो गया।”
श्रद्धांजलि सभा में मोहम्मद अली खान, मोहम्मद शमीम सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और दिवंगत मंत्री के कार्यों व व्यक्तित्व को याद किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्य रूप से नरेश वर्मा, अजय सिंहा, नागेश्वर मंडल, मनीर, महेश भगत, निजामुद्दीन, गुलाम सरवर, सरफराज अंसारी, सोहेल, बेलाल हुसैनी, नदीम अख्तर, इतवारी वर्मा, एहसान, संतोष वर्मा, दिनेश पप्पू, चाँद राशिद, सिकंदर, शबीर खान, अवैश अहमद, मोतीलाल शास्त्री, तौशिफ, मोनु, अल्ताफ, अफसर, चाँद, शहज़ाद, अफताब, शहज़ादा, ऐनुल, कपिल देव राय, पप्पू पांडे सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

You may have missed