राशन डीलरों का हल्लाबोल, मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

राशन डीलरों का हल्लाबोल, मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

गिरिडीह। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के आह्वान पर गिरिडीह में पीडीएस राशन डीलरों का आंदोलन मंगलवार को तेज हो गया। विभिन्न मांगों को लेकर संघ के बैनर तले सैकड़ों राशन डीलरों ने एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर पदयात्रा निकाली और समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। डीलरों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डीलरों की प्रमुख मांगों में सभी लंबित कमीशन का भुगतान, न्यूनतम 50 हजार रुपये मासिक आय की गारंटी, पेपरलेस व्यवस्था के लिए आवश्यक पत्र जारी करना, रिपेयरिंग के नाम पर कथित दोहन पर रोक, गीता मेटल को ब्लैकलिस्ट करना और दुकानों तक खाद्यान्न कम से कम एक माह पहले पहुंचाना शामिल है।

राशन डीलरों का कहना है कि कमीशन का भुगतान लंबित रहने से आर्थिक संकट बढ़ रहा है। उनका कहना है कि जन वितरण प्रणाली ऑनलाइन हो चुकी है, ऐसे में खाता-बही और अनावश्यक कागजी प्रक्रिया का दबाव कम किया जाना चाहिए।

संघ ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलेभर के पीडीएस डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। इससे आने वाले दिनों में जन वितरण प्रणाली प्रभावित होने की आशंका है।

धरना और पदयात्रा में जिला अध्यक्ष राजेश बंसल समेत बड़ी संख्या में पीडीएस डीलर मौजूद रहे।