स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर केतार में 8 अगस्त को अहम बैठक

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर 8 अगस्त को होगी प्रखंड स्तरीय बैठक
केतार। स्वतंत्रता दिवस के सफल आयोजन एवं झंडोत्तोलन कार्यक्रम के समय निर्धारण को लेकर केतार प्रखंड कार्यालय में 8 अगस्त को प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 12:30 बजे प्रखंड कार्यालय के सभागार में होगी। इस संबंध में बीडीओ ने पत्र जारी कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है।
बैठक में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम के समय निर्धारण समेत अन्य आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा समारोह को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा होगी।
बैठक में प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख, थाना प्रभारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, जेआरजीबी शाखा प्रबंधक, सभी पंचायतों के मुखिया, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सरस्वती विद्या मंदिर एवं आरके सिंह पब्लिक स्कूल के प्रतिनिधि, मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक तथा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के कर्मियों को आमंत्रित किया गया है।
समय पर उपस्थित होने की अपील
बीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से निर्धारित तिथि और समय पर अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित होकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में सहयोग करने की अपील की है। बैठक की सूचना पंचायत समिति सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों तथा मीडिया कर्मियों को भी भेजी गयी है।