बाबा बासुकीनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, गूंज रहे बोल-बम के जयकारे
सावन माह के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण करने के बाद बड़ी संख्या में कांवरिये बासुकीनाथ पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी श्रावणी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय बना हुआ है।
मान्यता है कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद बाबा बासुकीनाथ के दर्शन किए बिना श्रावणी यात्रा अधूरी मानी जाती है। इसी आस्था के चलते प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना कर रहे हैं। श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल, चिकित्सा शिविर, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

