विश्व आदिवासी दिवस को लेकर बरवाडीह में उत्साह, भव्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में

बरवाडीह। विश्व आदिवासी दिवस को लेकर बरवाडीह प्रखंड में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। विभिन्न गांवों और पंचायतों में आयोजन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने विभिन्न गांवों और चौक-चौराहों का दौरा कर ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।

प्रेम कुमार सिंह ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास, पहचान और अधिकारों का प्रतीक है। यह समाज की एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा लोगों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

विश्व आदिवासी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श की तैयारी की जा रही है। आयोजन समिति आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से इस बार का आयोजन यादगार बनेगा।

बरवाडीह से रिपोर्ट — अर्चना कुमारी