JPSC-JSSC भर्ती विवाद: अन्नपूर्णा देवी ने की CBI जांच की मांग, राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल
JPSC-JSSC भर्ती विवाद: अन्नपूर्णा देवी ने की CBI जांच की मांग, राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल
नई दिल्ली/रांची। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में JPSC, JSSC एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलनरत छात्रों के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र अपने भविष्य और न्यायपूर्ण अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की आवाज को अनसुना करना लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य, दोनों के साथ अन्याय है। उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों के साथ तत्काल संवाद कर निर्णायक पहल करने की मांग की।
अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और INDI गठबंधन के नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्रों के मुद्दे उठाने वाले नेता झारखंड के युवाओं के आंदोलन पर मौन क्यों हैं? उन्होंने राज्य सरकार से JPSC, JSSC समेत अन्य विवादित भर्ती प्रक्रियाओं की CBI से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही TDPL द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं को निरस्त कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दोबारा परीक्षा कराने की मांग रखी।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि भाजपा शुरू से ही छात्रों के मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाती रही है और पार्टी के जनदबाव के कारण सरकार को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इसी दबाव के बाद CID ने कार्रवाई शुरू की और JPSC अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कर युवाओं का विश्वास बहाल करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।

