जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मना आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन, सतबरवा में 300 पौधे वितरित
जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मना आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन, सतबरवा में 300 पौधे वितरित
सतबरवा (पलामू)। पतंजलि योगपीठ के सह-संस्थापक आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिन को 4 अगस्त को जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पतंजलि योग समिति की सतबरवा प्रखंड इकाई की ओर से पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोहार पोखरी शिव मंदिर परिसर में 100 और काली मंदिर मेला टांड़, सतबरवा बाजार में 200 पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। ग्रामीणों को आम, सागवान, शरीफा, कटहल और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे दिए गए।
कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के प्रखंड प्रभारी वीरेंद्र कुमार साहू, उप प्रभारी श्याम बिहारी प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि मनीष कुमार, समाजसेवी सुनील गांधी, शिक्षक समोद, धावाडीह पंचायत के उपमुखिया मुद्दीर कुमार सहित गायत्री परिवार के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करने की अपील की गई।
आयोजकों ने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने में मदद मिलेगी। फलदार और उपयोगी पौधे भविष्य में परिवारों के लिए लाभकारी भी साबित हो सकते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

