SIR-2026 पर उपायुक्त का सख्त एक्शन: मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण, 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करने की अपील

SIR-2026 पर उपायुक्त का सख्त एक्शन: मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण, 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करने की अपील

गिरिडीह, 22 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक और चुनाव पाठशाला का जायजा लेते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF (Absent, Shifted, Dead, Duplicate एवं अन्य संदिग्ध प्रविष्टियों) सूची के सत्यापन कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, BLO एवं BLA-2 को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रविष्टि का तथ्यात्मक और सूक्ष्म परीक्षण कर मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे।

उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में जोड़ा जाए। साथ ही एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से संबद्ध करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने उन मतदाताओं से भी शीघ्र संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया, जिनसे अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हो सका है। BLO एवं BLA-2 को आपसी समन्वय के साथ घर-घर संपर्क अभियान तेज करने तथा प्रत्येक घर से गणना प्रपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चुनाव पाठशाला का भी अवलोकन किया और मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन और निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) निर्वाचन आयोग की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, BLO, BLA-2 तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे 29 जुलाई 2026 तक अपने घर से निकलकर निर्धारित गणना प्रपत्र अवश्य जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।