इनर व्हील क्लब का मेगा रक्तदान शिविर, तीन मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस

इनर व्हील क्लब सनशाइन का मेगा रक्तदान शिविर सफल, तीन जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस; रक्तदाताओं का किया सम्मान

गिरिडीह। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन एवं श्री विश्वनाथ नर्सिंग होम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मेगा रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क डायलिसिस सेवा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की, वहीं तीन जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस भी कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी श्रीमती नीता नारायण, क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला, डॉ. सज्जन दुकनिया एवं पीडीसी पूनम सहाय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई, जिसमें युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर के दौरान क्लब की ओर से तीन जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब स्वर्णरेखा, रांची की प्रेसिडेंट नीता शेखर, सेक्रेटरी शालिनी एवं पास्ट प्रेसिडेंट दीपा चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं श्री विश्वनाथ नर्सिंग होम के डॉ. सज्जन दुकनिया, डॉ. नीरज दुकनिया एवं उनकी टीम तथा सदर अस्पताल, गिरिडीह के डॉ. सोहिल अख्तर एवं उनकी टीम ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से पाँच या उससे अधिक रक्तदाता लेकर आने वाली संस्थाओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस क्रम में प्लैटिनम जिम, ब्लूमिंग बड्स एवं कार्मेल स्कूल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही क्लब की ओर से पंकज राठी को उनके विशेष सहयोग के लिए सम्मानित कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

कार्यक्रम में क्लब की सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता, आईएसओ नमिता जामुवार, आईपीपी कविता राजगढ़िया, पीपी शबाना रब्बानी सहित क्लब के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं बड़ी संख्या में सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए नियमित रक्तदान करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।