NEET पेपर लीक पर PM मोदी सख्त, बोले- दोषियों को मिले कड़ी से कड़ी सजा
दिल्ली में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले पर बड़ा बयान दिया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि पीएम मोदी ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए NEET की दोबारा परीक्षा कराई गई और समय पर परिणाम भी जारी किए गए। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और दोषियों को देश के शीर्ष वकीलों की मदद से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पेपर लीक किसी एक राज्य का नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है और इससे निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

