केतार के पीएम श्री विद्यालय में 102 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल

102 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का हुआ वितरण
केतार (गढ़वा): पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, केतार में सोमवार को साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के 102 छात्र-छात्राओं के बीच सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल वितरण उपमुखिया संजय पाल एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुखिया संजय पाल ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी और उनकी नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी।
प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार मेहता ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा तथा विद्यालय में उनकी उपस्थिति में भी वृद्धि होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और नियमित रूप से विद्यालय आने की अपील की।
साइकिल मिलने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी।
मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर, शिक्षक संतोष कुमार, अजय कुमार, प्रेम कुमार, मिथिलेश कुमार, सुधा कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।