गिरिडीह में डॉ. मेघा शर्मा सम्मानित, सुरक्षित सिजेरियन प्रसव में झारखंड में तीसरा स्थान हासिल करने पर मिला सम्मान

गिरिडीह में डॉ. मेघा शर्मा सम्मानित, सुरक्षित सिजेरियन प्रसव में झारखंड में तीसरा स्थान हासिल करने पर मिला सम्मान

गिरिडीह। गिरिडीह जिला मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्यों ने शनिवार को मारवाड़ी समाज की प्रतिभाशाली स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा शर्मा को समूचे झारखंड में सबसे सुरक्षित सिजेरियन प्रसव कराने के मामले में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

डॉ. मेघा शर्मा गिरिडीह के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रवि महर्षि की पत्नी तथा कोडरमा जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष राम रतन महर्षि की पुत्रवधू हैं। वर्ष 2018 से डॉ. मेघा शर्मा और डॉ. रवि महर्षि गिरिडीह में चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहे हैं। अपने उत्कृष्ट कार्य, मरीजों के प्रति समर्पण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के कारण दोनों ने समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

सम्मान समारोह के दौरान मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों ने डॉ. मेघा शर्मा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे गिरिडीह और मारवाड़ी समाज के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर जिला मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री राकेश मोदी, उपाध्यक्ष सुनील मोदी, कार्यकारिणी सदस्य अनिल टिबलेवाल, सदस्य निखिल झुनझुनवाला तथा चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के निर्मल झुनझुनवाला,डॉ. रवि महर्षि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।