झारखंड का NEET टॉपर बना गिरिडीह का बेटा! AIR 455 हासिल कर रचा इतिहास
गिरिडीह। बेंगाबाद प्रखंड के होनहार छात्र सुहर्ष कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG-2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। स्थानीय बाजार के किराना व्यवसायी जय कुमार गुप्ता और रीता गुप्ता के पुत्र सुहर्ष ने ऑल इंडिया 455वीं रैंक प्राप्त कर झारखंड स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से बेंगाबाद सहित पूरे गिरिडीह जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
सुहर्ष ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने बीएनएस डीएवी, गिरिडीह से 96 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए वे कोटा चले गए, जहां दो वर्षों तक कठिन परिश्रम किया। वर्ष 2025 में उन्होंने पहली बार नीट परीक्षा दी, जिसमें उन्हें 527 अंक प्राप्त हुए। इस अंक के आधार पर झारखंड के कई मेडिकल कॉलेजों में उनका दाखिला संभव था, लेकिन उनका सपना देश के प्रतिष्ठित संस्थान एम्स (AIIMS) में प्रवेश लेना था।
अपने लक्ष्य से समझौता न करते हुए सुहर्ष ने एक वर्ष का ड्रॉप लिया और पूरे समर्पण के साथ दोबारा तैयारी शुरू की। उनकी मेहनत रंग लाई और NEET UG-2026 में उन्होंने ऑल इंडिया 455वीं रैंक हासिल कर झारखंड में पहला स्थान प्राप्त किया।
अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए सुहर्ष ने कहा कि उनका उद्देश्य देश के सर्वश्रेष्ठ मेडिकल संस्थान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल चिकित्सक बनना है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में जरूरतमंद और गरीब मरीजों की सेवा कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं।
सुहर्ष की इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।

