गढ़वा में BLO ने जिला परिषद सदस्य पर मारपीट, छेड़छाड़ और SIR कार्य में बाधा का लगाया आरोप
मेराल थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी आंगनबाड़ी सेविका सह 54 नंबर बूथ के के बी एल ओ उमा देवी ने मेराल उतरी जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह एवं उनके सहयोगियों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, घर में घुसकर छेड़छाड़,करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने मेराल थाना में बुधवार को लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।आवेदन के अनुसार, 8 जुलाई को सुबह लगभग 10 बजे बूथ पर SIR का कार्य करने के दौरान जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह पहुंचे और कथित रूप से मतदाता सूची में दो जगह नाम वाले लोगों का दोनों स्थानों से SIR फॉर्म भरने का दबाव बनाने लगे विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई, सरकारी कार्य में बाधा डाली गई तथा भरे हुए एस आई आर फॉर्म फाड़ दिए गए। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल मेराल बीडीओ यशवंत नायक को दी। उसी दिन रात करीब 10 बजे संजय कुमार सिंह अपने पुत्र सूरज कुमार सिंह एवं चिंटू कुमार चंद्रवंशी के साथ उनके घर पहुंचे, गाली गलौज करते हुए दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, घर में घुसकर मारपीट की, और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। आवेदन में छेड़छाड़ का भी जिक्र किया गया है घटना के दौरान उनके बच्चे रोते-बिलखते रहे, जिसके बाद आरोपित धमकी देते हुए वहां से चले गए। 14 जुलाई की रात लगभग 8 बजे उमा देवी के पति नागेंद्र चंद्रवंशी मझिआंव मोड़ पर घर आने के लिए टेंपो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान आरोपित उन्हें कथित रूप से जबरन पेट्रोल पंप स्थित कमरे में ले गए, जहां SIR कार्य को लेकर दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई जिससे उनका दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। घायल अवस्था में उनका इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में कराया गया। उमा देवी ने आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपित प्रभावशाली और दबंग हैं, इसलिए उनके पूरे परिवार की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन के मामले में थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है जांच का विषय है प्रथम दृष्टिया से जांच कर अग्रेत्तर करवाई किया जाएगा।
इस संबंध में पूछने पर मेराल उतरी जिला परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह ने बताया कि हम पर लगाया गया आरोप नीराधार है क्षेत्र के प्रतिनिधि होने के नाते ग्रामीणों के शिकायत पर उमा देवी के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर विभागीय जांच करवाया जिससे बचने के लिए हम पर ऐसा इल्जाम लगाया जा रहा है। उमा देवी व उनके पति द्वारा हमे ही गाली गलौज किया गया है जिसका आवेदन हम भी थाने में दिया हूं।

