इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने चलाया स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान

इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने चलाया स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान

गिरिडीह।इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा 13 जुलाई को बड़ा चौक स्थित सब्जी विक्रेताओं एवं खाद्य सामग्री बेचने वाले ठेला संचालकों के बीच स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त बाजार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

क्लब की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला के नेतृत्व में सदस्यों ने 50 कपड़े के थैले वितरित किए तथा विक्रेताओं से प्लास्टिक थैले का उपयोग बंद करने और ग्राहकों को कपड़े का थैला साथ लाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को ब्लीचिंग पाउडर का भी वितरण किया गया तथा उन्हें अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित रूप से इसका छिड़काव कर साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान बाजार परिसर एवं नालियों में भी ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। क्लब सदस्यों ने विक्रेताओं को कूड़ा-कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया, ताकि बाजार में आने वाले ग्राहकों और खाद्य सामग्री का सेवन करने वाले लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर क्लब की आईपीपी कविता राजगढ़िया, ट्रेजरर रश्मि गुप्ता तथा एग्जीक्यूटिव मेंबर पूनम केडिया एवं मनीषा कपिस्वे उपस्थित रहीं और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।