​पांकी के बरवाडीह में 15वें वित्त की राशि से हो रहे नाली निर्माण में भारी अनियमितता, ग्रामीणों ने काम रुकवाकर जताया विरोध

​पांकी के बरवाडीह में 15वें वित्त की राशि से हो रहे नाली निर्माण में भारी अनियमितता, ग्रामीणों ने काम रुकवाकर जताया विरोध

​पांकी प्रखंड के ढुब पंचायत अंतर्गत बरवाडीह गांव में 15वें वित्त आयोग की राशि से किए जा रहे नाली निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यस्थल पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और निर्माण कार्य को तत्काल बंद करवा दिया।
​ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में संवेदक द्वारा भारी धांधली की जा रही है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि नाली की दीवार के निर्माण में मानक ईंटों के बजाय बेहद घटिया दर्जे की ‘बंगला ईंट’ का इस्तेमाल किया जा रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि बिना किसी ढलाई के ही नाली की दीवारें खड़ी की जा रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
​ग्रामीणों ने किया काम बंद
​मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने मौके पर ही निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्यों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सरकारी राशि का दुरुपयोग और घटिया काम किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं होगा, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
​इस दौरान स्थानीय ग्रामीण विनय सिंह, अनिल सिंह, अभिषेक सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, गिरवर साव, बालेश्वर साव, कलेंदर भुईंया, विश्वनाथ साहू और संतोष साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में प्रशासन से मामले की जांच करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।