उसरी नदी बचाने सड़कों पर उतरे ग्रामीण, पाइपलाइन योजना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
उसरी नदी से पाइपलाइन के माध्यम से पानी लेकर फैक्ट्री तक पहुंचाने की प्रस्तावित योजना के खिलाफ रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गंगापुर गांव से चतरो मोड़ तक बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने सड़कों पर उतरकर विशाल पैदल मार्च निकाला। यह मार्च भाकपा (माले), असंगठित मजदूर मोर्चा, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामस), अखिल भारतीय किसान महासभा और एक आवाज प्रदूषण के खिलाफ संगठन के संयुक्त बैनर तले ‘उसरी बचाओ अभियान’के तहत आयोजित किया गया। मार्च के दौरान पूरा इलाका “उसरी फॉल बचाओ”, “पानी चोर सावधान” और “प्रकृति बचाओ” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। पैदल मार्च का नेतृत्व कर रहे माले नेता राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय और दीपक गोस्वामी ने कहा कि उसरी नदी के अस्तित्व पर आज बड़ा खतरा मंडरा रहा है। गंगापुर से चतरो स्थित बालमुकुंद फैक्ट्री तक सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए धड़ल्ले से गड्ढे खोदे जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि गिरिडीह की लाइफलाइन और धरोहर उसरी फॉल को किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।

